भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई, 24 हजार रुपये रिश्वत लेते ग्राम विकास अधिकारी गिरफ्तार

लखनऊ , 110

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनाई गई “जीरो टॉलरेंस” नीति तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के अनुपालन में भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 7 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की गोरखपुर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ग्राम विकास अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सतीश मणि, निवासी ग्राम परसौनी बुजुर्ग, थाना कसया, जनपद कुशीनगर द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप था कि गांव में स्थापित तीन हैंडपंपों के रीबोर एवं मरम्मत कार्य में हुए खर्च का भुगतान कराने के एवज में अवैध धनराशि की मांग की जा रही थी।
शिकायत की जांच के उपरांत निरीक्षक शिवमनोहर यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने पंचायत भवन, पकड़ीवीर भद्र, विकास खंड देसही, जनपद देवरिया में जाल बिछाया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी जय नारायण सिंह (तैनाती—विकास खंड देसही, जनपद देवरिया), पुत्र स्व. राम प्रसाद सिंह, निवासी इंदिरा नगर कॉलोनी, चम्पा देवी पार्क के पीछे, तारामंडल थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर को 24 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जा रही है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top