सीएम योगी ने मंत्रिमंडल को सौंपी जमीनी जिम्मेदारी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

लखनऊ , 115

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता तक उनकी सही जानकारी पहुंचाने के लिए पूरे मंत्रिमंडल को जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जनपदों में जाकर योजनाओं की प्रगति और प्रभावशीलता की स्वयं समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची में शामिल पात्र व्यक्तियों की संख्या और किसी भी तरह से छूटे पात्र लोगों की गंभीरता से पड़ताल की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सूची में कोई अपात्र व्यक्ति शामिल न हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिपाही भर्ती से संबंधित निर्णयों को जनता तक स्पष्ट रूप से पहुंचाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस विषय पर किसी भी प्रकार की भ्रांति न रहे। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे विभिन्न माध्यमों से जनता को सरकार के निर्णयों की जानकारी दें।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ‘जी रामजी योजना’ के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी मंत्रिमंडल को सौंपी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब उनकी जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में पीसी (प्रेस कॉन्फ्रेंस), जनसंवाद, बैठकों एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं और निर्णयों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां और निर्णय जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप हैं और इन्हें जमीन पर उतारना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top