राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ के लिए चयनित 79 युवाओं से किया संवाद
लखनऊ Jan 07, 2026 at 06:20 PM , 117लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज राजभवन में 10 से 12 जनवरी, 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ में प्रतिभाग के लिए चयनित उत्तर प्रदेश के 79 युवाओं से संवाद किया। राज्यपाल ने राजभवन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उनके उत्साह और वेशभूषा की सराहना की।
राज्यपाल ने प्रतिभागियों द्वारा पहनी गई साफा/पगड़ी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सम्मान, दायित्व और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए वे राष्ट्रीय मंच पर जा रहे हैं, उसमें सफलता प्राप्त कर उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठा को और अधिक गौरवान्वित करना उनका दायित्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी प्रतिभागी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजयी होकर लौटेंगे।
प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज भारत विश्व को प्रगति की दिशा दिखा रहा है और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का वैश्विक स्तर पर प्रसार समय की आवश्यकता है। उन्होंने योग परंपरा, भारतीय संस्कृति और विरासत को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत ने विश्व को अपनी सांस्कृतिक शक्ति से परिचित कराया है। अपने विदेश प्रवास के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि चीन में बच्चों को योग करते हुए और भारतीय प्रशिक्षकों से मार्गदर्शन लेते देखना भारत की सांस्कृतिक स्वीकार्यता का सशक्त उदाहरण है।
राज्यपाल ने भाषा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में दिया गया भाषण आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विदेशों में युवा हिंदी, पाली और संस्कृत जैसी भाषाओं में रचित ग्रंथों पर शोध करने के लिए भारत आना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नया भारत और नई दुनिया केवल एक-दो भाषाओं से नहीं, बल्कि बहुभाषी दृष्टिकोण से आगे बढ़ेगी।
उन्होंनेpanic प्रतिभागियों को आपसी परिचय, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और देशभर के युवाओं से मजबूत संबंध स्थापित करने की प्रेरणा दी। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे कार्य किए जाएं जिनसे सकारात्मक और सुंदर परिणाम सामने आएं तथा किसी को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे। उन्होंने उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ लौटने वाले प्रतिभागियों को पुनः राजभवन आमंत्रित करने की भी बात कही।
राज्यपाल ने युवाओं को राजभवन भ्रमण के लिए आमंत्रित किया तथा अपने अनुभवों पर आधारित लेखन या पुस्तक के रूप में विचारों को संजोने, सृजनात्मक सोच अपनाने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश से चयनित युवा इस वर्ष भी अपनी प्रतिभा और कौशल से प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।
मंत्री ने बताया कि इस राष्ट्रीय युवा उत्सव में उत्तर प्रदेश से कुल 79 युवा भाग लेंगे, जिनमें 28 युवा कल्चरल एवं इनोवेशन ट्रैक, 45 युवा विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, 2 युवा डिजाइन फॉर भारत ट्रैक तथा 4 युवा हैक फॉर सोशल कॉज ट्रैक के अंतर्गत चयनित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, कौशल विकास और नवाचार को आगे बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में सचिव, युवा कल्याण एवं खेल विभाग, सुहास एल.वाई. ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर वर्ष 1995 से राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 29वां राष्ट्रीय युवा उत्सव ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ 8 से 12 जनवरी, 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव कुमार विनीत सहित विभागीय अधिकारी एवं चयनित युवा उपस्थित रहे।































Comments