दहेज प्रताड़ना से गर्भवती विवाहिता को मौत के घाट उतारा पति और सास हिरासत में, रिपोर्ट दर्ज

लखीमपुर खीरी , 98

गोला गोकर्णनाथ खीरी। शहर के मोहल्ला सर्वोदय नगर में सोमवार को दहेज के लोभियों ने एक गर्भवती विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सास व पति को हिरासत में ले लिया है और रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम मेंड़ई पुरवा निवासी नंदकिशोर ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री चांदनी 25 का विवाह नवंबर 2020 में गोला बाकेगंज रोड सर्वोदय शहर निवासी शुभम त्रिवेदी पुत्र स्व०कौशल किशोर त्रिवेदी के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ किया था। पीड़ित पिता ने तहरीर में कहा है कि उसने हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान दहेज दिया था उसके बावजूद विवाह के बाद ही ससुराल वाले लोग ₹50 हजार और  चारपहिया वाहन की मांग करते रहे। दहेज की इस मांग में शुभम त्रिवेदी के रिश्तेदार मनमोहन पांडे और वंदना पांडे निवासी ग्राम महुआ गुंदे थाना सेहरा मऊ जनपद पीलीभीत भी शामिल रहे हैं। पुत्री की मौत से आहत पिता नंदकिशोर ने तहरीर में कहा है कि दहेज लोभियों ने उसकी पुत्री को दहेज के कारण लगातार प्रताड़ित किया है। जिसकी सूचना उनकी पुत्री उन्हें देती रहती थी । सोमवार को उसकी पुत्री को मारपीट कर फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। बताते हैं कि मृतका चांदनी चार माह की गर्भवती थी। इस गंभीर प्रकरण का मामला दर्ज न किए जाने को लेकर लड़के पक्ष के लोगों ने बहुत रसूखदार दबाव पुलिस में डलवाए परंतु पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए किसी भी दबाव को न मानते हैं रिपोर्ट दर्ज की। दर्ज रिपोर्ट में पति शुभम  त्रिवेदी, सास मां, बंदना पांडे और मनमोहन पांडे को नामजद किया गया है। चारों अभियुक्तों में से शुभम त्रिवेदी पति और उसकी मां को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है बाकी दो अभियुक्तों की तलाश जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top