STF को बड़ी सफलता: 50 हजार का इनामी पशु तस्कर राजदेव शर्मा प्रतापगढ़ से गिरफ्तार
लखनऊ May 20, 2026 at 09:53 PM , 68लखनऊ/प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने चंदौली जनपद में दर्ज पशु तस्करी और गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी राजदेव शर्मा को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 27/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 429 तथा गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
गिरफ्तार आरोपी राजदेव शर्मा मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के जंघोरा थाना क्षेत्र के पदनाथपुर गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह महाराष्ट्र के मुंबई में रह रहा था। एसटीएफ को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि आरोपी प्रतापगढ़ के नवाबगंज क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ नोएडा यूनिट ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार दोपहर करीब एक बजे अहिमनगंज फ्लाईओवर के पास उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2008 से महाराष्ट्र में वाहन चलाने का काम करता था। वर्ष 2021 में उसने एक ट्रक खरीदा और बाद में कुछ लोगों के संपर्क में आकर पशु तस्करी के धंधे में शामिल हो गया। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर पशुओं को बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल तक पहुंचाता था।
एसटीएफ के अनुसार 31 जनवरी 2024 को आरोपी के वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पशु तस्करी की जा रही थी। इस दौरान चंदौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि आरोपी फरार हो गया था। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चंदौली पुलिस के हवाले कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।































Comments