STF और साइबर टीम की बड़ी कार्रवाई: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 80 लाख की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

लखनऊ , 54

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और साइबर क्राइम टीम को बड़ी सफलता मिली है। विभिन्न कंपनियों और शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 80 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
 
एसटीएफ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिसमोर धाकड़ और पवन कुमार तिवारी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के भोपाल के रहने वाले हैं। इन्हें थाना हबीबगंज क्षेत्र, भोपाल से गिरफ्तार किया गया।
 
एसटीएफ को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि एक संगठित गिरोह शेयर बाजार और विभिन्न कंपनियों में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
 
जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फर्जी एप्लीकेशन और व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करता था। आरोपी निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों को रकम निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे। जब पीड़ित पैसा ट्रांसफर कर देते थे, तो गिरोह के सदस्य फर्जी बैंक खातों में रकम मंगाकर उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लेते थे।
 
एसटीएफ के अनुसार गिरोह द्वारा साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और रकम को विभिन्न खातों में भेजने का नेटवर्क भी संचालित किया जा रहा था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों और विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
 
मामले में थाना साइबर क्राइम लखनऊ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय होकर बड़ी संख्या में लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है।

Related Articles

Comments

Back to Top