लखनऊ के न्यू देवा हॉस्पिटल में महिला की मौत पर बवाल, गलत खून चढ़ाने का आरोप
लखनऊ May 20, 2026 at 09:37 PM , 53लखनऊ। राजधानी के कुर्सी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। मामला गुडंबा थाना क्षेत्र के कुर्सी रोड स्थित न्यू देवा हॉस्पिटल का है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर के तंबौर क्षेत्र की रहने वाली 36 वर्षीय महिला पैर का ऑपरेशन कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला को गलत खून चढ़ा दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर मौके से फरार हो गए।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस की गुडंबा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की भूमिका और इलाज के दौरान बरती गई कथित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।































Comments