**यूपी के किसानों के लिए बड़ी राहत: खरीफ-2026 में 50% अनुदान पर मिलेंगे प्रमाणित बीज, 31 मई तक करें आवेदन**

लखनऊ , 1

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ-2026 सीजन के लिए किसानों को राहत देते हुए 50 प्रतिशत अनुदान पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की बड़ी पहल की है। प्रदेश सरकार ने सामान्य, प्रदर्शन और मिनीकिट योजना के तहत इस वर्ष कुल 1 लाख 99 हजार 910 कुंतल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
 
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में 31 मई तक सभी विक्रय केंद्रों पर बीज पहुंच जाने चाहिए, ताकि किसानों को बुवाई के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 
कृषि मंत्री ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से 75,429 कुंतल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि 2,636 कुंतल बीज किसानों में वितरित भी किए जा चुके हैं। उन्होंने किसानों से जल्द से जल्द आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि समय रहते आवेदन करने पर किसानों को आसानी से अनुदान का लाभ मिल सकेगा।
 
खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान के लिए सबसे बड़ा लक्ष्य 80 हजार कुंतल निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 64,228 कुंतल धान बीज उपलब्ध हो चुका है और 2,634 कुंतल बीज किसानों को वितरित भी किया जा चुका है। इसके अलावा तिलहन और दलहन फसलों के लिए भी बड़े पैमाने पर बीज वितरण की तैयारी की गई है। मूंगफली के लिए 57,446 कुंतल, उड़द के लिए 23,958 कुंतल, अरहर के लिए 21,225 कुंतल, मूंग के लिए 3,946 कुंतल, तिल के लिए 3,827 कुंतल और सोयाबीन के लिए 2,999 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।
 
प्रदेश सरकार मोटे अनाज यानी श्री अन्न को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दे रही है। इसके तहत ज्वार, बाजरा, सावा, कोदो, रागी, काकुन और कुटकी जैसी फसलों के बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बाजरा के लिए 1,972 कुंतल और रागी के लिए 1,500 कुंतल बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
 
बीज वितरण का कार्य कृषि विभाग के साथ सहकारिता विभाग, आईएफएफडीसी, एचआईएल और बीबीएसएसएल के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। इनमें अकेले कृषि विभाग को 1,89,990 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य दिया गया है। विभाग अब तक 74,204 कुंतल बीज उपलब्ध करा चुका है।
 
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए जल्द से जल्द  पर ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि खरीफ की बुवाई समय पर और सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
 
बैठक में टीएम त्रिपाठी तथा अनिल पाठक भी मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top