*गोमती नगर विस्तार में 20 करोड़ रूपये की लागत से बनेगा कम्यूनिटी सेंटर*

लखनऊ , 25

 *सरस्वती अपार्टमेंट के पास 2900 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनेगी तीन मंजिला बिल्डिंग* 

- *कम्यूनिटी सेंटर में हाॅल, स्वीमिंग पूल, जिम, कैफेटेरिया, योगा सेंटर आदि की सुविधा होगी* 

गोमती नगर विस्तार में रिवर व्यू अपार्टमेंट के आवंटियों के लिए बनने वाला कम्यूनिटी सेंटर आलीशान होगा। इसमें कम्यूनिटी हाॅल, डाइनिंग एरिया, जिम, कैफेटेरिया, योगा सेंटर व स्वीमिंग पूल आदि की सुविधा होगी। इसके निर्माण में लगभग 20 करोड़ रूपये की लागत आएगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पीपीपी मोड पर कम्यूनिटी सेंटर के निर्माण के लिए आर0एफ0पी0 आमंत्रित करने के निर्देश दिये हैं। 

   एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में सरस्वती अपार्टमेंट के पास लगभग 2900 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। यह कम्यूनिटी सेंटर तीन मंजिल का होगा, जिसमें बेसमेंट पार्किंग की सुविधा होगी। यहां कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मल्टीपर्पज हॉल व लॉन के साथ ही किचन, डाइनिंग एरिया, 08 कमरे व 02 सुइट होंगे। इसके अलावा इन्डोर गेम्स, जिम, योगा सेंटर, कैफेटेरिया व स्वीमिंग पूल की भी सुविधा होगी। 

  कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण लगभग 20 करोड़ रूपये की लागत किया जाएगा। बिल्डिंग के रूफ टाॅप पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे विद्युत व्यय भार नियंत्रित रहेगा। मुख्य अभियंता ने बताया कि बिल्डिंग की डिजाइन काफी आकर्षक होगी। उपाध्यक्ष महोदय के समक्ष परियोजना का प्रेजेन्टेशन दिया गया, जिसमें उपाध्यक्ष ने पीपीपी मोड पर कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण कराने के निर्देश दिये हैं। इसके निर्माण के लिए जल्द ही आर0एफ0पी0 आमंत्रित की जाएगी। 

   निर्माण पूर्ण होने के बाद कम्यूनिटी सेंटर के संचालन हेतु समिति गठित की जाएगी, जिसमें गोमती नगर महाकल्याण समिति के पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा व अधिशासी अभियंता अजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top