गोमती एक्सप्रेस में सनसनी: बॉक्स और बैग में मिला महिला का कटा हुआ शव
लखनऊ May 17, 2026 at 11:25 PM , 45S-1 कोच में मिली लाश से मचा हड़कंप, सिर धड़ से अलग; हाथ-पैर अलग बैग में रखे मिले
लखनऊ। राजधानी लखनऊ पहुंची गोमती एक्सप्रेस में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ट्रेन के S-1 कोच में एक महिला का कई टुकड़ों में कटा शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन की सफाई के दौरान कर्मचारियों को कोच में एक संदिग्ध बॉक्स और बैग दिखाई दिया। जब बॉक्स खोला गया तो उसमें महिला का सिर कटा धड़ मिला, जबकि पास में रखे बैग में कटे हुए हाथ और पैर बरामद हुए। इस भयावह दृश्य को देखकर सफाई कर्मचारियों ने तत्काल जीआरपी को सूचना दी।
मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।
रेलवे पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बॉक्स और बैग ट्रेन में किस स्टेशन से लाए गए और उन्हें कोच में किसने रखा।
घटना के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।































Comments