*राष्ट्र प्रेरणा स्थल में होगी आईपीएल मैचों की लाइव स्क्रीनिंग*

लखनऊ , 26

लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल में अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांचक मुकाबलों की लाइव स्क्रीनिंग होगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। 

    एलडीए की इस पहल का उद्देश्य शहर वासियों को एक साथ बैठकर मैच का आनंद लेने का अवसर प्रदान करना है, जिससे सामूहिक उत्साह और खेल के प्रति जुनून को बढ़ावा मिलेगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि दर्शक खुले वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाले प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम के माध्यम से मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। 

   एलडीए प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्यक्रम के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। सुरक्षा, स्वच्छता और दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किया जाएगा। जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। 

    उन्होंने बताया कि यह पहल न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी, बल्कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि आईपीएल मैच की स्क्रीनिंग के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बंद होने के समय को बढ़ाया जाएगा। जिससे कि दर्शक पूरे मैच का आनंद निर्बाध रूप से ले सकें। 

    इस सुविधा को शुरू करने के लिए गुरुवार रात आईपीएल मैच की स्क्रीनिंग का ट्रायल रन किया गया, जो की पूरी तरह सफल रहा। उपाध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आईपीएल मैच का प्रसारण देखने के लिए दर्शकों को किसी भी तरह का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

Related Articles

Comments

Back to Top