गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति पर अर्पित किया पुष्पचक्र, शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

राजस्थान , 49

जयपुर, 26 जनवरी। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अमर जवान ज्योति पहुंचकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए उनके प्रति प्रदेशवासियों की ओर से गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इस अवसर पर अमर जवान ज्योति परिसर में स्थित विजिटर्स बुक में संदेश भी लिखा। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले सैनिकों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के त्याग और बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित है और लोकतंत्र सशक्त रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, कल्याण और सहयोग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र सोनी सहित प्रशासन और सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे वातावरण में देशभक्ति और सम्मान की भावना परिलक्षित हुई।

Related Articles

Comments

Back to Top