गणतंत्र दिवस पर बड़ी चौपड़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फहराया तिरंगा, बोले—आने वाला समय भारत का है

राजस्थान , 78

जयपुर, 26 जनवरी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा मातृभूमि की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले देशभक्तों और अमर शहीदों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को स्मरण करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम से विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान अस्तित्व में आया।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा, महिला, किसान, श्रमिक सहित समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार पानी, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए तेज़ी से कार्य कर रही है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के कथन— ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत’ —का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाला समय भारत का है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर होकर महाशक्ति के रूप में स्थापित होगा।
इस अवसर पर सांसद श्री मदन राठौड़, श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक श्री बालमुकंदाचार्य, श्री गोपाल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top