*कोलकाता में आयोजित राजस्थान प्रवासी सम्मेलन में की शिरकत*
राजस्थान Apr 18, 2026 at 05:20 PM , 85_मुख्यमंत्री का पश्चिम बंगाल दौरा_
*बंगाल में भी हो डबल इंजन सरकार, तभी होगा तीव्र विकास*
*स्वाभिमान और देशभक्ति हर राजस्थानी के मन में समाहित*
*राज्य सरकार ‘विकास के साथ विरासत’ की भावना को कर रही साकार*
कोलकाता/जयपुर, 18 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वाभिमान और देशभक्ति हर राजस्थानी के मन में समाहित है। वे देश-दुनिया में कहीं भी चले जाएं सामाजिक सरोकारों से अपना स्थान बना ही लेते हैं। उन्होंने अपनी कर्मभूमि और जन्मभूमि दोनों से गहरा जुड़ाव बनाए रखा है। वे दुनिया के हर हिस्से में अपनी मेहनत, संघर्ष और सफलता से राजस्थान गौरव बढ़ा रहे हैं।
श्री शर्मा पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन शनिवार को कोलकाता में आयोजित राजस्थान प्रवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के जुड़ाव को और मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में राजस्थान फाउंडेशन के 40 चैप्टर्स संचालित हैं।
*कालीघाट एवं गोविंदम इस्कॉन मंदिर में किए दर्शन*
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले कालीघाट मंदिर और गोविंदम इस्कॉन मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने कालीघाट मंदिर में विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री कोलकाता के बेलीगंज स्थित गोविंदम इस्कॉन मंदिर पहुंचे और वहां श्री राधा कृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ आत्मीयता से चाय पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन होना सुनिश्चित है। हम सभी को मिलकर भारतीय जनता पार्टी को पश्चिम बंगाल में विजयी बनाना है। पश्चिम बंगाल की स्थिति किसी से छुपी हुई नहीं है। अगर पश्चिम बंगाल में भी राजस्थान जैसा विकास चाहते हैं तो भारतीय जनता पार्टी को ज्यादा से ज्यादा वोट दिलाने के लिए जुट जाएं। पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में तीव्र विकास होगा।
*राजस्थान में पर्यटन एवं उद्योग की अपार संभावनाएं*
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, ऊर्जा, पर्यटन और सामाजिक क्षेत्र में राजस्थान तेजी से उभर रहा है और यह प्रवासी व स्थानीय उद्योगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राज्य के खनिज संसाधन तथा प्रदेश के पर्यटन स्थल की विश्व में अपनी पहचान है। यहां की झीलें, किले, हवेलियां, मरुस्थल तथा धार्मिक स्थल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख केन्द्र हैं। हमारी सरकार यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास के साथ विरासत’ की अवधारणा पर कार्य कर रही है। इसी क्रम में शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है तथा 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया गया है।
*राजस्थान में हो रहे विकास कार्य*
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रदेश में कृषि, बिजली, पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से हर जिले में सुचारू आपूर्ति के लिए कार्य किया जा रहा है। 24 जिलों में किसानों को अब दिन में भी बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। राइजिंग राजस्थान इंवेस्टमेंट समिट के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार के भरपूर अवसर सृजित किए गए हैं।
इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राजेन्द्र राठौड़, संयोजक राजस्थान प्रवासी प्रकोष्ठ श्री कुमार लखोटिया, अध्यक्ष राजस्थान फाउंडेशन पश्चिम बंगाल श्री संतोष कुमार पुरोहित, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव लघु उद्योग भारती श्री नरेश पारीक सहित बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------






_page-0001.jpg)
























Comments