कांग्रेस भ्रम फैलाने में जुटी, देश रामराज्य की ओर अग्रसर — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
राजस्थान Jan 16, 2026 at 05:57 PM , 51जयपुर, 16 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और पं. दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की सोच को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहे हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी हर जनकल्याणकारी योजना में केवल कमी निकालने और भ्रम फैलाने का काम कर रही है। सीएए, ईवीएम और एसआईआर जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री बुधवार को वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को ‘जी रामजी’ नाम से भी आपत्ति हो रही है। राजस्थान से ‘आरए’ और मध्यप्रदेश से ‘एम’ जोड़ने पर ईआरसीपी परियोजना का नाम स्वाभाविक रूप से ‘राम जल सेतु’ बना, लेकिन कांग्रेस को इसमें भी समस्या दिखाई दे रही है। यदि किसी को राम नाम से ही आपत्ति है तो इसमें सरकार कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि प्रकृति का नियम है कि जो होना है, वही होकर रहेगा और देश व प्रदेश धीरे-धीरे रामराज्य की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
न भ्रष्टाचार करेंगे, न करने देंगे
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति कर देश को कमजोर किया। लेकिन अब मोदी जी का दौर है, जहां न तो भ्रष्टाचार किया जाएगा और न ही होने दिया जाएगा। कांग्रेस की पीड़ा यही है कि अब भ्रष्टाचार के रास्ते बंद हो चुके हैं। यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ भी है तो मोदी सरकार उसे उजागर कर दोषियों को सजा दिलाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने, भ्रम फैलाने और तुष्टिकरण की राजनीति में अव्वल रही है। ऐसे में झूठ का पर्दाफाश करना आज सबसे बड़ी आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएं। लोगों को बताया जाए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत 100 नहीं बल्कि 125 दिन का रोजगार दिया है और 15 दिन में मजदूरी भुगतान की गारंटी सुनिश्चित की है।
रोजगार और पारदर्शिता पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं के रोजगार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, 1.43 लाख पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख पदों के लिए भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से पहले ही स्पष्ट कर दिया गया है कि हर फैसले का पूरा हिसाब दिया जाएगा।
पेपर लीक मामलों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 400 से अधिक आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं। अब यह तय करना कांग्रेस का काम है कि इनमें छोटी मछलियां हैं या बड़े मगरमच्छ। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।






_page-0001.jpg)
























Comments