महिला सशक्तीकरण से विकसित राजस्थान की नींव मजबूत — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
राजस्थान Jan 16, 2026 at 05:50 PM , 70जयपुर, 16 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तीकरण का नया युग प्रारंभ हुआ है। राजस्थान में राजीविका योजना के माध्यम से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। राजीविका से जुड़ी हर बहन पारिवारिक आय बढ़ाने के साथ पूरे परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में समृद्धि, ज्ञान और शक्ति की प्रतीक देवियां — लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा — नारी शक्ति का ही स्वरूप हैं। डबल इंजन सरकार महिलाओं को आवास, रसोई गैस सब्सिडी सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रही है।
महिलाओं ने सिद्ध की प्रबंधकीय और उद्यमी क्षमता
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के निर्माण में आधी आबादी यानी महिलाओं की भूमिका निर्णायक है। राजीविका से जुड़ी लगभग 13 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अब ‘मिलेनियर दीदी’ बनने की ओर अग्रसर हैं। स्वयं सहायता समूहों ने यह साबित कर दिया है कि महिलाएं कुशल प्रबंधक और सफल उद्यमी हैं। इससे उन्हें ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेने की मजबूरी से भी मुक्ति मिली है।
राजीविका का सशक्त नेटवर्क
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 51 लाख ग्रामीण परिवारों को 4 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। 32 हजार ग्राम संगठनों और 1 हजार से अधिक क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से राजीविका का मजबूत नेटवर्क तैयार हुआ है। आजीविका संवर्धन के तहत लगभग 36 लाख परिवार कृषि और पशुपालन आधारित गतिविधियों से जुड़े हैं।
आजीविका संवर्धन के लिए 2 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका संवर्धन के लिए 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। कृषि, पशुपालन और गैर-कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए साढ़े 3 हजार से अधिक उत्पादक समूह गठित किए गए हैं, जिनसे करीब 3 लाख परिवार जुड़े हैं। पशुपालकों को दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान भी दिया जा रहा है।
महिला कल्याण की प्रमुख योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि 1 लाख से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये की गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में सहायता राशि बढ़ाकर 6,500 रुपये कर दी गई है, जिसके तहत लगभग 10 लाख गर्भवती महिलाओं को 531 करोड़ रुपये दिए गए हैं। मा वाउचर योजना से अब तक 2 लाख 26 हजार महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी का लाभ मिला है। शिक्षा सेतु योजना के तहत 90 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया गया है। महिला सुरक्षा के लिए 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट भी प्रभावी रूप से कार्यरत हैं।
भर्ती और रोजगार में महिलाओं को अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार अब तक 1 लाख से अधिक नियुक्तियां दे चुकी है, जबकि 1 लाख 44 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। 12 जनवरी को युवा दिवस पर इस वर्ष 1 लाख पदों की भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया गया है, जिससे महिलाओं को भी रोजगार के व्यापक अवसर मिलेंगे।
बजट निर्माण में महिलाओं की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका से जुड़ी महिलाएं आज बैंक, बाजार और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे राजस्थान के आगामी बजट के लिए सुझाव दें, ताकि स्वयं सहायता समूह और अधिक मजबूत हों, आजीविका के नए अवसर सृजित हों और उत्पादों की बिक्री बढ़े।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, राज्य मंत्री श्री ओटा राम देवासी, वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में राजीविका महिलाएं उपस्थित रहीं।






_page-0001.jpg)
























Comments