मकर संक्रांति पर जलमहल में भव्य पतंग उत्सव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उड़ाई पतंग
राजस्थान Jan 14, 2026 at 03:10 PM , 130जयपुर।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक जलमहल की पाल पर आयोजित पतंग उत्सव (काइट फेस्टिवल) का मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति की परंपरा में सहभागिता निभाई और प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर आधारित विशेष पतंगों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित लोक कलाकारों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है। पतंग उत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की लोक संस्कृति, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को सशक्त करने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा के निर्देशों पर इस वर्ष राज्य के सभी सात संभाग स्तर के साथ-साथ जैसलमेर एवं माउंट आबू में भी पतंग उत्सव का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में जलमहल की पाल पर आयोजित इस उत्सव में रंग-बिरंगी पतंगों, पारंपरिक उल्लास और देशी-विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी, विधायक श्री बालमुकुंदाचार्य, पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता, पर्यटन आयुक्त श्रीमती रुक्मणी रियाड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, देशी-विदेशी पर्यटक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








_page-0001.jpg)
























Comments