मकर संक्रांति पर जयपुर में रंग-बिरंगा पतंग महोत्सव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जलमहल पर उड़ाई पतंग

राजस्थान , 115

जयपुर।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक जलमहल की पाल पर भव्य पतंग महोत्सव (काइट फेस्टिवल) का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए स्वयं पतंग उड़ाई और प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर आधारित विशेष पतंगों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। देश की संस्कृति, सुरक्षा और सामाजिक संदेशों को दर्शाती इन पतंगों ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक चेतना को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर प्रस्तुत लोक कलाकारों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा राजस्थान की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा की। रंग-बिरंगी पतंगों, लोक संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से जलमहल परिसर उत्सवमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी, विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक मौजूद रहे। पतंग महोत्सव ने न केवल जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ किया, बल्कि पर्यटन को भी नई ऊंचाइयां प्रदान कीं।
राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह पतंग महोत्सव परंपरा और आधुनिकता के संगम का प्रतीक बनकर उभरा, जिसने जयपुर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई।

Related Articles

Comments

Back to Top