राजस्थान में एलपीजी की कोई कमी नहीं, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान , 52

जयपुर, 11 मार्च।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारु रूप से संचालित हो रही है। एलपीजी आपूर्ति को लेकर प्रदेश में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं है।
बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की उपलब्धता से लेकर वितरण तक की पूरी व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं। साथ ही, नागरिक आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए जाएं।
जिला स्तर पर हो मॉनिटरिंग और निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए एलपीजी गैस और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि ऐसे मामले सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।
अफवाहों पर सख्ती, आमजन को दें सही जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे समय में अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी विशेष नजर रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी आमजन को समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से दी जाए।
जरूरी संस्थानों में गैस आपूर्ति बनी रहे निर्बाध
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य और जिला स्तर पर संबंधित विभागों, ऑयल कंपनियों और गैस वितरकों के साथ समन्वय बनाकर गैस सिलेंडरों के स्टॉक और आपूर्ति की नियमित समीक्षा की जाए।
प्रदेशवासियों से अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसके मार्गदर्शन में प्रदेश में गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। किसी भी समस्या की स्थिति में आमजन सरकार की हेल्पलाइन 181 और 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि एलपीजी की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए राज्य और जिला स्तर पर संयुक्त टीमों का गठन किया जा रहा है। राज्य स्तरीय समन्वय ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश में गैस की उपलब्धता की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को डीएसी प्रमाणीकरण के माध्यम से घर-घर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री कार्यालय, उद्योग, पर्यटन, गृह, पशुपालन, परिवहन विभागों तथा स्टेट समन्वय ऑयल कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top