जयपुर में 9 मार्च को ‘राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम, महिला जनसुनवाई में सुनेंगी समस्याएँ
राजस्थान Mar 06, 2026 at 04:30 PM , 92जयपुर, 6 मार्च। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से ‘राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत 9 मार्च को जयपुर में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस जनसुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर स्वयं उपस्थित रहकर महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई करेंगी।
यह जनसुनवाई 9 मार्च को प्रातः 11 बजे से राजस्थान पुलिस अकादमी के बैठक कक्ष में आयोजित होगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतों—जैसे पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, संपत्ति संबंधी विवाद और अन्य सामाजिक मुद्दों—पर सुनवाई की जाएगी तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कार्यक्रम के सफल और सुचारू आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहें और महिलाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
जनसुनवाई के समन्वय और व्यवस्थाओं के लिए जयपुर दक्षिण के उपखंड अधिकारी अरुण कुमार को समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, शिकायतों के संकलन और उनके त्वरित निस्तारण के लिए समन्वय करेंगे।
जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि जिन महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत है, वे इस जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्या सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रख सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का शीघ्र व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।






_page-0001.jpg)
























Comments