विधानसभा सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए संगठन और जनहित पर फोकस के निर्देश

राजस्थान , 111

जयपुर। भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही प्रारंभ होने से पूर्व ‘हां पक्ष’ लॉबी में आयोजित भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति, जनहित के मुद्दों और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने विधायकों से अपेक्षा की कि वे सदन में सकारात्मक, तथ्यों पर आधारित और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास, सुशासन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मंत्रीगण एवं पार्टी विधायक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को सदन में मजबूती से उठाने तथा सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठनात्मक समन्वय, विपक्ष के संभावित मुद्दों पर जवाबी रणनीति तथा विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और यहां प्रदेश के हित सर्वोपरि होने चाहिए।
बैठक को विधानसभा सत्र से पहले पार्टी की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top