राज्य में 8 गीगावाट पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स को गति, किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान , 95

जयपुर, 23 फरवरी। भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बिजली की बचत भी उत्पादन के बराबर महत्वपूर्ण है। इस क्रम में उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सघन निरीक्षण कर बिजली चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पम्प स्टोरेज परियोजनाएं किफायती होने के साथ दीर्घकालिक रूप से अत्यंत प्रभावी हैं, जिनसे भविष्य में राज्य को पर्याप्त विद्युत उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे किसानों के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ताओं को भी गुणवत्तापूर्ण और सतत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
बैठक में 8 गीगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता वाले चिन्हित 6 पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों, ताकि उपभोक्ताओं को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने सभी राजकीय कार्यालयों में शीघ्र सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। जिन कार्यालयों में अब तक सोलर पैनल नहीं लगे हैं, उन्हें सूचीबद्ध कर त्वरित कार्यवाही प्रारंभ करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top