कांग्रेस के पास बहस के लिए मुद्दे नहीं, इसलिए सदन में हंगामा कर रहे : श्री अविनाश गहलोत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
राजस्थान Feb 23, 2026 at 07:10 PM , 90जयपुर, 23 फरवरी। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। विधानसभा परिसर में सोमवार को मीडिया से रूबरू होते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार द्वारा लिए जा रहे जनहितकारी निर्णयों और योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस के आचरण ने संसदीय परंपराओं और सदन की गरिमा पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। एक ओर विपक्ष द्वारा बिना ठोस कारण के सदन से वॉकआउट किया जाता है, वहीं दूसरी ओर उनके ही सदस्य सदन में रहकर सरकार से प्रश्न पूछते हैं। यह दोहरा व्यवहार न केवल असंगत है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप भी नहीं है।
श्री गहलोत ने कहा कि विधानसभा जैसे गरिमामय मंच पर विपक्ष की भूमिका रचनात्मक और जवाबदेही सुनिश्चित करने वाली होनी चाहिए। किंतु हाल के घटनाक्रमों से यह प्रतीत होता है कि विपक्ष मुद्दों के अभाव में केवल शोर-शराबा और अनावश्यक विरोध की राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता की उपस्थिति में भी विपक्ष के कुछ सदस्यों का व्यवहार अत्यंत खेदजनक रहा, जो सदन की परंपराओं के अनुरूप नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि आवश्यक है कि विपक्ष अपने विधायकों के लिए एक कार्यशाला आयोजित कर संसदीय परंपराओं, मर्यादाओं एवं जिम्मेदार आचरण के बारे में उन्हें प्रशिक्षित करे।
उन्होंने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि वर्तमान सरकार जनता के प्रति पूर्ण रूप से जवाबदेह है और विकास कार्यों को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। विपक्ष को भी सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहयोग करना चाहिए।






_page-0001.jpg)
























Comments