बालिका के दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषियों की जल्द होगी गिरफ्तारी : श्री अंशुमान सिंह भाटी, विधायक कोलायत

राजस्थान , 92

जयपुर, 23 फरवरी। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। विधानसभा परिसर में सोमवार को मीडिया से रूबरू होते हुए कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के बज्जू तहसील अंतर्गत सीमावर्ती उप- तहसील  रंजीतपुरा गाँव में एक अत्यंत दुखद एवं संवेदनशील घटना सामने आई है। दिनांक 21 फरवरी को एक 12 वर्षीय बालिका अपने घर से परीक्षा देने के लिए निकली थी, जिसे दोपहर 1 बजे परीक्षा केंद्र पहुँचना था, परंतु वह वहाँ नहीं पहुँच सकी।

उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन द्वारा परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन एवं ग्रामीणों ने खोजबीन प्रारंभ की। खोज के दौरान बालिका का शव रंजीतपुरा गाँव के समीप स्थित एक पोखर में मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश का माहौल है।

श्री भाटी ने कहा सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे। सायं तक उच्च अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुँच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न जांच कमेटियों का गठन किया गया है तथा एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। प्रशासन द्वारा शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों की गिरफ्तारी से पूर्व पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा। इसी मांग को लेकर 22 फरवरी से धरना जारी है। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अतः प्रशासन से मांग है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Related Articles

Comments

Back to Top