प्रदेश में ट्रैफिक सुधार व नवाचारों को लेकर राज्य सरकार है प्रतिबद्ध : गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म
राजस्थान Feb 17, 2026 at 05:35 PM , 63जयपुर, 17 फरवरी। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। मंगलवार को विधानसभा परिसर में गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि प्रदेश में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के लिए निरंतर नवाचारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं में कमी तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
श्री बेढ़म ने कहा कि लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू किया गया है तथा प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट स्थापित कर यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। आईटीएमएस (Intelligent Traffic Management System) के माध्यम से ई-चालान प्रक्रिया को गति दी गई है।
उन्होंने कहा प्रदेश सरकार ने आधुनिक तकनीकी उपकरणों की खरीद हेतु 4 करोड़ 88 लाख रुपए का प्रावधान किया है। ब्रेथ एनालाइज़र मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर पूरे प्रदेश में विशेष चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 47 नवीन तकनीक से लैस इंटरसेप्टर वाहन आवंटित किए गए हैं, जो सड़क पर खड़े होकर यातायात नियंत्रण में सहयोग प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की वैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। सड़क सुरक्षा प्रबंधन की दृष्टि से राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में सम्मिलित है। मानव संसाधन को सुदृढ़ करते हुए 900 होम गार्ड्स की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जो यातायात पुलिस को सहयोग देंगे। साथ ही, ड्राइवरों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ड्राइवरों के विश्राम हेतु पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा “अपना घर” योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों पर रेस्ट एरिया विकसित किए जा रहे हैं, जहाँ ट्रक चालकों को आराम, स्नान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन आवर’ में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने हेतु आयुष्मान भारत जीवन रक्षा योजना के अंतर्गत विशेष प्रावधान किए गए हैं। दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को ₹2500 की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की व्यवस्था भी की गई है।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए तथा यातायात नियमों के पालन हेतु आमजन से सहयोग की अपील की गई।
उन्होंने बताया सरकार प्रदेश में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक यातायात प्रणाली स्थापित करने के लिए संकल्पित है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए और आमजन का जीवन सुरक्षित एवं सुगम बने।






_page-0001.jpg)
























Comments