कार डिवाइडर से टकराई, चालक की मौत

जनपत की खबर , 221

लखनऊ। ट्रैफिक विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी राजधानी में वाहनों की तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसों में कमी नहीं आ पा रही है। शनिवार को भी शहर में तेज रफ्तार एक युवक के लिए मौत का सबब बन गई। घटना पीजीआई थानांतर्गत वृंदावन योजना सेक्टर-19 की है। वृंदावन योजना सेक्टर-19 के चौराहे पर एक बाइक सवार को बचाने के क्रम में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गये। कार में चालक की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक चालक और बाइक पर सवार दो बच्चों को भी आंशिक रूप से चोटें आई हैं। पीजीआई थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर एवरेस्ट एन्क्लेव निवासी ऋषभ सिंह (19) अपने चाचा आशीष सिंह के साथ किसी काम से अपनी स्विफ्ट कार (यूपी 83 जेड 5333) से जा रहा था। वृंदावन योजना सेक्टर-19 चौराहे के समीप टर्न लेने के दौरान एक बाइक सामने आ गई। बाइक पर एक युवक व तीन बच्चे सवार थे। बाइक को बचाने के क्रम में ऋषभ ने कार पर नियंत्रण खो दिया। अचानक ब्रेक मारने के कारण तेज रफ्तार कार करीब 10 मीटर तक घिसटते हुए सामने एक डिवाइडर से जा टकराई। कार के एयरबैग न खुलने के कारण ऋषभ का सिर तेजी से कांच से जा टकराया। वहीं आशीष को भी गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने के क्रम में ऋषभ ने दम तोड़ दिया। पीजीआई के एपेक्स ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आशीष को पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बाइक सवार युवक व उसपर सवार 4 व 7 वर्ष उम्र के दो बच्चों को भी आंशिक चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर पीजीआई ने बताया कि मामले में अबतक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

Related Articles

Comments

Back to Top