*प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की*
जनपत की खबर Jan 10, 2023 at 08:09 PM , 227*सभी संस्थानों में रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने की कार्यवाही की जाए*
*संस्थानों में समूह-’ग’ के रिक्त पदों का अधियाचन उ0प्र0 अधीनस्थ चयन आयोग को उपलब्ध कराया जाए*
*प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश लाने के किये जाएं प्रयास*
-मंत्री श्री आशीष पटेल
लखनऊः 10 जनवरी, 2023
प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल ने कहा कि पॉलीटेक्निक संस्थानों में संचालित पाठ्यक्रमों का ज्यादा से ज्यादा छात्र लाभ उठायें और देश व प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान दे सकें, इसके लिए पॉलिटेक्निक संस्थानों में संचालित किये जाने वाले पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराए, जिससे संस्थानों में सीटें खाली न रहें। पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध है। इन संस्थानों में प्रवेश लेने वाले युवाओं को मूलभूत सुविधाएं मिले यह सुनिश्चित किया जाय।
प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल आज विधान भवन स्थित सभा कक्ष में प्राविधिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं को मिले, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के लिए जारी होने वाले बजट का उपयोग गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध रूप से निर्माण कार्यों को पूरा करने में किया जाय। निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके पॉलीटेक्निक कालेजों में शिक्षणेत्तर कार्य तत्काल शुरू कर दिया जाय।
मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संस्थानों में समूह-’ग’ के रिक्त पदों का अधियाचन उ0प्र0 अधीनस्थ चयन आयोग को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही तीनों तकनीकी विश्वविद्यालयों के रिक्त पदों की स्थिति एवं अधियाचन की रिपोर्ट 16 जनवरी तक शासन को उपलब्ध कराया जाय। भारत सरकार एवं उ0प्र0 सरकार के नियमों व शासनादेश के अनुसार रिक्त पदों को भरे जाने हेतु शीघ्र कार्यवाही की जाय। उन्होंने प्राविधिक विश्वविद्यालयों व इंजीनियरिंग कालेजों में शैक्षिक स्टाफ व निदेशकों की नियुक्ति प्रक्रिया को और बेहतर व पारदर्शी बनाने को कहा।
मंत्री ने खनन अभियांत्रिकी का नया पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने हेतु अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खनन अभियांत्रिकी का नया पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने के संबंध में पूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने निर्माणाधीन इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा पॉलिटेक्निक कॉलेजों की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये। उन्होंने सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों के निदेशक तथा पॉलिटेक्निक कालेजों के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि भारत सरकार की मेरिट योजना के संबंध में भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन करते हुए कॉलेजों की स्थिति की रिपोर्ट 17 जनवरी 2023 तक अवश्य उपलब्ध कराएं।
मंत्री श्री पटेल ने आगामी फरवरी माह में होने वाले ग्लोबल इन्वेटर्स समिट में प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा निवेश लाने के प्रयासों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलीयन डॉलर बनाने में प्राविधिक शिक्षा विभाग का भी महत्वपूर्ण रोल होगा। प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में निवेश अधिक से अधिक आये, इसके लिए विभागीय अधिकारी सतत प्रयास करते रहें। साथ ही देश व विदेशों में होने वाली निवेश से सम्बंधित गतिविधियों पर भी ध्यान दें और निवेशकों से सीधे सम्पर्क बनाये रखें।
बैठक में प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा श्री सुभाष चंद्र शर्मा, विशेष सचिव श्री अन्नावी दिनेश कुमार, श्री कृपा शंकर, संयुक्त सचिव प्रभाकर चंद्र मिश्रा, कुलपति एच०बी०टी०यू० कानपुर, एम०एम०एम०यू०टी० गोरखपुर, निदेशक के०एन०आई०टी० सुल्तानपुर, बी०आई०ई०टी० झांसी, यू०पी०टी०टी०आई0 कानपुर तथा निदेशक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अंबेडकरनगर, आजमगढ, बांदा, बिजनौर, सोनभद्र, मैनपुरी, कन्नौज सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।































Comments