बसपा उम्मीदवार रामजी गौतम ने किया नामांकन
हेडलाइंस Oct 26, 2020 at 02:29 PM , 363लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों पर हो रहे चुनाव में सोमवार को बहुजन समाज पार्टी(बसपा) प्रत्याशी रामजी गौतम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। समाजवादी पार्टी(सपा) प्रत्याशी रामगोपाल यादव के नामांकन भरने के बाद बसपा प्रत्याशी रामजी गौतम ने आज नामांकन पत्र दाखिल किया है।
रामजी गौतम बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर हैं और बिहार के प्रभारी भी हैं। नामांकन के दौरान बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा व लालजी वर्मा समेत कई नेता मौजूद थे। विधायकों की संख्या देखते हुए इस चुनाव में भाजपा के आठ व सपा के एक सदस्य की जीत तय है। सपा के रामगोपाल यादव का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है।
27 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि है और 28 अक्टूबर को मतपत्रों की जांच होगी, जबकि दो नवंबर नाम वापस लेने की आखिरी तारीख है। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 9 नवंबर को होगा।
इसके पहले बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल ने अपनी पार्टी की ओर से नामांकन पत्र दाखिल किया था। सोमवार की शाम तक भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किये हैं। विधानसभा में अपने 304 सदस्य होने से भाजपा सर्वाधिक आठ सीटें जीत सकती है जबकि 48 सदस्यों वाली समाजवादी पार्टी एक सीट पर आराम से जीत हासिल कर लेगी। इसके अलावा किसी दल के पास अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है।
बसपा के पास पर्याप्त संख्या बल न होने पर भी आश्चर्यजनक रूप से उसने अपना उम्मीदवार उतारा है। विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 18 सदस्य जबकि अपना दल (एस) के नौ सदस्य हैं, कांग्रेस के सात, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार और पांच निर्दलीय हैं। अपना दल (एस) का भाजपा से गठबंधन है।



























Comments