फुटपाथ पर कब्जा और सड़क पर अतिक्रमण के बाद अकड़ दिखाने वालों पर कार्रवाई
जनपत की खबर Aug 19, 2022 at 11:56 AM , 374*शहर यातयात सुधारने को उड़ेगा ड्रोन*
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी ही नहीं अन्य महानगरों में यातायात व्यवस्था को लेकर शासन बेहद संजीदा है। जाम में एम्बुलेंस फंसने के कारण लोगों की मौत, फायरब्रिगेड व स्कूली वाहन के जाम में फंसे होने आदि की खबरें आएदिन सुर्खियों में रहने पर उच्चाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था पर गहन मंथन के साथ ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है। फुटपाथ और सड़क तक कब्जा किए लोगों द्वारा अतिक्रमण हटाने के बजाय आरोप लगाकर विरोध से निपटने के लिए अब ड्रोन उड़ाए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था सुधारने को कमर कसे एक उच्चाधिकारी ने जानकारी दी कि विगत 31 जुलाई को कानपुर रोड पर जाम के कारण कई अधिकारियों पर गाज गिरने के बाद अमला बेहद संजीदा है। राजधानी के विभिन्न मार्गों और बाजारों का सर्वे कराया गया। अनेक स्थानों पर सड़कें खासी चौड़ी हैं लेकिन दिन में उन पर पैदल निकलना भी दुष्वार रहता है। कानपुर रोड, फैजाबाद रोड, रायबरेली रोड, हरदोई रोड, सीतापुर रोड आदि प्रमुख मार्गों के साथ मुंशी पुलिया, पत्रकारपुरम, कमता-चिनहट, लाटूश रोड, हीवेट रोड, चौक से दुबग्गा, कैम्पबेल रोड, राजाजीपुरम, नाका समेत विभिन्न स्थानों का सर्वे कराया गया। पता चला कि बाजार खुलते ही दुकान का सामान फुटपाथ पर सजा दिया जाता है और सड़क पर दुकानदार व ग्राहक के वाहन खड़े हो जाते हैं। चालान करने वाले पुलिसकर्मियों से झड़प के साथ सड़क पर मालिकाना हक जताया जाता है।
इसके चलते अब ड्रोन की मदद लेने पर विचार किया जा रहा है। ट्रैफिक लोड बढ़ने की सूचना पर ड्रोन उड़ाकर जायजा लेने के साथ अतिक्रमण की तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। इसमें सम्बंधित प्रतिष्ठान या मकान के बोर्ड की भी तस्वीर होगी। इसके साथ ही पुलिस व सम्बंधित महकमे की टीम मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करेगी। इतना ही नहीं कार्रवाई की भी वीडियो रिकॉर्डिंग साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखी जाएगी। खास बात ये है कि सम्बंधित स्थान पर दोबारा यातायात व्यवस्था ध्वस्त होने पर जिम्मेदार व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई होगी।































Comments