किसान खुशहाल रहेंगे तो निश्चित ही प्रदेश भी रहेगा खुशहाल-मा0 मुख्यमंत्री।
अन्य खबरे Dec 09, 2021 at 09:42 PM , 346मुख्यमंत्री ने श्रावस्ती में नवनिर्मित सरयू नहर परियोजना के अन्तर्गत बने राप्ती मुख्य नहर बैराज का स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा।
श्रावस्ती।प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दृष्टिगत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद के विकास खण्ड जमुनहा के अन्तर्गत राप्ती बैराज पर स्थित सरयू नहर परियोजना के अन्तर्गत बने मुख्य नहर बैराज का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। राप्ती मुख्य नहर बैराज के निरीक्षण के उपरान्त मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि सन् 1972 में इस परियोजना का औपचारिक रूप से कार्य प्रारम्भ किया गया था। जिसमें पहले चरण में देवीपाटन मण्डल में इसे बनाया जाना था, सन् 1982 में इस कार्य को अन्य जनपदों में विस्तार देने के लिए सहमति बनायी गयी थी। तथा 2017 तक इस परियोजना में मात्र 52 प्रतिशत तक कार्य ही पूर्ण हो पाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री ने देश में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना लागू की। और देश के ऐसे प्रोजेक्ट जो देश के हित में है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए योजना बनायी तो उसमें सरयू नहर परियोजना को बनाया गया। उन्होने कहा पिछले साढ़े चार वर्षो में समयबद्ध ढंग से इस कार्य को पूरा करते हुए शेष 48 प्रतिशत कार्य को पूरा किया गया है। इस परियोजना के पूरा हो जाने से निश्चित ही 09 जिलो के किसानों को सिंचाई सुविधा मुहैया होगी, और वह अपने खेतों में बेहतर सिंचाई करके अन्न उत्पादन में भी गुणात्मक सुधार आयेगा। उन्होने जोर देते हुए कहा कि देश एवं प्रदेश के खुशहाली का रास्ता गांव से होकर जाता है, इसलिए गांव का किसान खुशहाल रहेगा तो निश्चित ही हमारे समाज के साथा-साथ प्रदेश एवं देश खुशहाल बनेगा। उन्होने कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार किसानों के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से किसान भाइयों के हित में तमाम योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू नहर परियोजना उत्तर प्रदेश की ही नही बल्कि पूरे भारत देश की सबसे बड़ी परियोजना में से एक है। उन्होने कहा कि भारत देश कृषि प्रधान देश है। किसान भाईयों के लिए अनाज का बेहतर उत्पादन के लिए सिंचाई की महती आवश्यकता है, इस नहर के बन जाने से किसान भाइयों को अपने खेतों में सिचाई हेतु बेहतर सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद भारत की अब तक की सबसे बड़ी नहर परियोजना सरयू नहर परियोजना को प्रधानमंत्री द्वारा आगामी 11 दिसंबर, 2021 को जनपद बलरामपुर के हसुआ डोल से राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। उन्होने बताया कि 9 जिलों (बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, गोरखपुर व महाराजगंज) से होकर गुजरने वाली 318 किलोमीटर लंबाई की 9802 करोड़ की लागत से निर्मित आजाद भारत की अब तक की सबसे बड़ी परियोजना का लोकार्पण माननीय प्रधानमंत्री जी करेंगे। सरयू नहर परियोजना से साढ़े 14 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, इससे लगभग 30 लाख किसान लाभान्वित होंगे। उन्होने कहा प्रधानमंत्री के किसानों की आय को दुगुना करने के लक्ष्य को इस परियोजना के संचालित होने से निश्चित ही मिलेगी। उन्होने कहा कि इस परियोजना के प्रारम्भ होने से किसानों के जीवन में खुशहाली आयेगी तथा उनके जीवन स्तर में परिवर्तन आयेगा।
उन्होने बताया कि सरयू मुख्य नहर परियोजना देवीपाटन मण्डल के किसानों के लिये वरदान साबित होगी। इस परियोजना के संचालन से जनपद श्रावस्ती के 01 लाख से अधिक किसानों को लाभ होगा। इससे जनपद के लगभग 211 गांवों के किसानों को नहर से सिंचाई की सुविधा मिलेगी तथा नहर से 34800 हेक्टेयर भूमि सिंचित की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आजाद भारत की सबसे बड़ी परियोजना का कार्य पूरा करने का कार्य किया गया। सरयू नहर परियोजना के लिए घाघरा, राप्ती, बाणगंगा, सरयू व रोहिणी नदी को आपस में जोड़ा गया है।
इस अवसर पर मंत्री जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग) उ0प्र0 डॉ0 महेंद्र सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी कमलेश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक केशव चन्द्र गोस्वामी, उपजिलाधिकारी क्रमशः प्रवेन्द्र कुमार, शौरभ शुक्ला, रोहित कुमार, आशुतोष कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा, पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना, मा0 ब्लाक प्रमुख जमुनहा, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खण्ड अजय कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ कार्य खण्ड विनोद कुमार गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/जिला महामंत्री रमन सिंह, जिला पंचायत सदस्य हरीश जायसवाल, सुन्दर लाल मौर्या, दिनेश आर्या, गीता गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, स्वाति तिवारी, विनय लोधी सहित सम्बनिधत विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण, सुरक्षा में लगे अधिकारी, कर्मचारी एवं भारी जनसमूह उपस्थित रहा।



























Comments