हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदंडी जी महाराज अयोध्या विधानसभा से लड़ेंगे चुनाव
अन्य खबरे Sep 27, 2021 at 09:35 PM , 550अयोध्या।
अखिल भारत हिन्दू महासभा की सम्पन्न दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदंडी जी महाराज ने अयोध्या विधानसभा से चुनाव लड़ने की घोषणा की । हिन्दू महासभा उत्तर प्रदेश इकाई और अयोध्या जिला इकाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा का स्वागत किया है ।
जिला अध्यक्ष राकेश दत्त मिश्र ने राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में सहभागिता करने के बाद अयोध्या लौटने पर जारी बयान में यह जानकारी दी । उन्होंने बताया कि बैठक में मंच संचालन करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने 2022 में उत्तर प्रदेश सहित 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी खड़ा करने का उद्घोष किया ।
रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि स्वामी त्रिदंडी जी महाराज के अयोध्या से चुनाव लड़ने की घोषणा से उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है । उत्साह की यह संजीवनी प्रदेश विधानसभा चुनाव में हिन्दू महासभा की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगी । राष्ट्रीय प्रवक्ता स्वामी करपात्री जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या के सभी साधु संत स्वामी त्रिदंडी जी महाराज की विजय के लिए तन मन धन से सहयोग करेंगे ।
जिला अध्यक्ष राकेश दत्त मिश्र ने जारी बयान में बताया कि बैठक में दिवाकर विक्रम सिंह की अध्यक्षता में स्वागत समिति का गठन किया गया है । स्वागत समिति को कार्यकाल 2021 - 2024 के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करवाने और 65 वा राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करवाने का उत्तरदायित्व सौंपा गया ।
हिन्दू महासभा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने अधिवेशन की तिथि 22 दिसंबर घोषित करते हुए कहा कि अधिवेशन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित होगा । यह उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने 65 वें राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए उत्तर प्रदेश का चयन किया ।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आत्मा राम तिवारी और स्वामी कमलेश जी महाराज , राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य विजय प्रकाश मानव , राष्ट्रीय मंत्री जटा शंकर द्विवेदी , ए राजेश , हिन्दू श्रमिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र , पश्चिम बंगाल अध्यक्ष कार्तिक भट्टाचार्य , मध्य प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर , हिन्दू महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मृदुलता , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रजनी सक्सेना, उत्तर प्रदेश हिन्दू महिला सभा अध्यक्ष बबिता यादव सहित विभिन्न प्रान्तों से आये प्रतिनिधियों ने ओजस्वी विचारों से हिन्दू समाज का मार्गदर्शन किया । बैठक राजनीतिक , धार्मिक , सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के अनेक प्रस्ताव पारित कर उन्हें साकार करने का संकल्प लिया गया ।



























Comments