दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यूपी-112 अलर्ट, सभी जिलों के नोडल अधिकारियों को दिए गए निर्देश
अन्य खबरे Nov 04, 2026 at 08:38 PM , 37**डीजीपी बिनोद कुमार सिंह ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में पीआरवी की तैनाती और शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश**
**लखनऊ, 4 नवंबर।** दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यूपी-112 मुख्यालय ने प्रदेशभर में आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने बुधवार को मुख्यालय से प्रदेश के सभी जनपदों के यूपी-112 नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में दीपावली के दौरान संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) की तैनाती, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और प्रभावी निगरानी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि 28 अक्टूबर 2026 को जारी दीपावली एडवाइजरी के अनुसार विगत घटनाओं और आयोजनों का विश्लेषण कर थाना क्षेत्र एवं स्थानवार हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएं। संवेदनशील मार्गों पर यूपी-112 के वाहनों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संशोधित रूट चार्ट 5 नवंबर तक अनिवार्य रूप से मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशक्ति की कमी अथवा तकनीकी खराबी के कारण कोई भी पीआरवी वाहन गैर-संचालित स्थिति में नहीं रहना चाहिए। सभी जनपदों में पीआरवी की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में संचार व्यवस्था और निगरानी को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। आरओआईपी पर तैनात कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, इवेंट मॉनिटरिंग को मजबूत बनाने तथा पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग और चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीजीपी यूपी-112 ने विभिन्न जनपदों के नोडल अधिकारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली पर्व के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और प्रदेशवासियों को त्वरित, निर्बाध एवं प्रभावी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
यूपी-112 मुख्यालय की इस पहल का उद्देश्य दीपावली के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता को समयबद्ध और प्रभावी बनाना है।






_page-0001.jpg)




















Comments