योगी सरकार का बड़ा फैसला, हजारों निरीक्षक-उप निरीक्षक प्रोन्नत होंगे, इस आधार पर होगा चयन

हेडलाइंस , 798

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के सभी थानों पर तैनात निरीक्षकों-उप निरीक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने एक शासनादेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि राज्य के कुल थानों के दो तिहाई पर निरीक्षकों तथा एक तिहाई पर उप-निरीक्षकों को थानाध्यक्ष के रूप में तैनात किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है। हालांकि चयन में उनकी उपयुक्तता, योग्यता, कर्मठता और दूसरे पैरामीटर को ध्यान में रखा जाएगा। सोमवार को अपर मुख्य सचिव की तरफ से इस संबंध में पुलिस महानिदेशक, लखनऊ को आदेश जारी किया है। 


दरअसल इस तरह की व्यवस्था पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने ही साल 2018 में महत्वपूर्ण बैठक के बाद फैसला लिया था। लेकिन अनेकानेक वजहों से इसे लागू नहीं किया जा सका। अब यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इसे लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। शासनादेश में उन्होंने कहा है कि राज्य में 11 मई 2018 को कुल थानों के दो तिहाई पर निरीक्षकों और एक तिहाई पर उप निरीक्षकों को थानाध्यक्ष के रूप में पदोन्नत किए जाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि पदोन्नति उनकी उपयुक्तता, योग्यता, कर्मठता, कार्यकुशलता, सत्य-निष्ठा एवं व्यवहारिक दक्षता के आधार पर की जाएगी। इससे उत्कृष्ट काम करने वाले निरीक्षकों-उप निरीक्षकों का मनोबल बढ़ेगा। अन्य अधिकारियों को अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। 

जिन दो तिहाई थानों में निरीक्षकों की तैनाती थानाध्यक्ष के रूप में होनी है, वहां अगर योग्य और उपयुक्त निरीक्षक तैनात नहीं है तो उप निरीक्षकों को मौका दिया जा सकता है। मगर अधिकतम 50% उप निरीक्षकों को पदोन्नत किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस व्यवस्था को लागू करने की जिम्मेदारी पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक संभालेंगे। अवनीश कुमार अवस्थी की तरफ से जारी शासनादेश में कहा गया है कि इस व्यवस्था को पारदर्शी ढंग से पूरा कराया जाए। सभी थानों में योग्य, कर्मठ और इमानदार निरीक्षकों-उप निरीक्षकों को पदोन्नत करें। उन्होंने इस व्यवस्था पर तुरंत प्रभाव से अमल करने का आदेश दिया है।

Related Articles

Comments

Back to Top