महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए विश्वविद्यालय छात्राओं को तैयार करें : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
जनपत की खबर Jun 22, 2021 at 09:12 PM , 267लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा कि महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए विश्वविद्यालय छात्राओं को तैयार करें, ताकि वे समाज में फैली विभिन्न सामाजिक कुरीतियों से बचने के लिए महिलाओं को जागृत कर सके। राज्यपाल ने आज यहां मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान मथुरा के कुलपतियों के साथ की गयी समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने महिला अध्ययन केन्दों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के लिए चला रहे कृषि एवं पशुपालन के कार्यक्रमों के साथ ग्रामीण विकास के अन्य कार्यक्रमों को भी संचालित करें। जिसमें ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा नव निर्वाचित महिला ग्राम प्रधानों को जोड़कर उन्हें केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं कार्यक्रमों की भी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि महिला ग्राम प्रधानों को विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर प्रशिक्षण देने से उनके अंदर आत्मविश्वास जगेगा तथा योजनाओं की जानकारी होने से वे अपनी ग्राम पंचायत में उनके लाभ जरूरत मंदो को दे सकेंगी।































Comments