धीरेंद्र सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री योगी ने लगाई मुहर, दादी चंद्रो तोमर के नाम पर होगा नोएडा शूटिंग रेंज

जनपत की खबर , 284

नोयडा।

ग्रेटर नोएडा, जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह (BJP MLA Dhirendra Singh) की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा स्टेडियम में बने शूटिंग रेंज का नाम शूटर दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शूटिंग रेंज का नाम बदलने के लिए संबंधित अफसरों और विभाग को आदेश जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि नोएडा शूटिंग रेंज का नाम ‘शूटर दादी’ के रूप में लोकप्रिय चंद्रो तोमर के नाम पर रखा जाए। दादी चंद्रो तोमर का इसी साल 30 अप्रैल को कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हो गया था। वह मेरठ के एक अस्पताल में इलाज करा रही थीं। मगर कोरोना वायरस संक्रमण को नहीं हरा सकीं। 

दादी सोशल मीडिया पर भी खासी एक्टिव थीं और उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। भाजपा विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने 1 दिन पहले ही मुख्यमंत्री के नाम अपने खत में यह मांग की थी कि नोएडा शूटिंग रेंज को दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखा जाना चाहिए। ऐसा करके महिला सशक्तिकरण को बल दिया जा सकेगा। सही मायने में यह उन्हें श्रद्धांजलि होगी। इस फैसले से उनके नाम को अमरत्व मिलेगा। हमारी आने वाली पीढ़ी उन्हें याद करेगी। अब मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जल्दी शूटिंग रेंज का नाम दादी के नाम पर कर दिया जाएगा। ट्राईसिटी टुडे ने 1 दिन पहले ही यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।

धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा था, "ऐसे ग्रामीण परिवेश में रहने वाली एक महिला, जहां रूढ़िवादी बंधनों की बहुतायत हो, उस माहौल से निकलकर देश और दुनिया में महिलाओं का नाम रोशन करने वाली चंद्रो देवी ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर चलकर इस देश की अन्य महिलाएं भी अपना रास्ता बना सकती हैं। बागपत जिले के छोटे से गांव जौहड़ी की रहने वाली साधारण महिला अपनी इच्छाशक्ति के बल पर अनेक पुरस्कारों से नवाजी गईं।"

धीरेंद्र सिंह ने कहा था, "अगर उनके नाम पर नोएडा स्टेडियम की शूटिंग रेंज का नाम रखा जाएगा तो निश्चित रूप से सही मायने में उन्हें श्रद्धांजलि के साथ-साथ उनके नाम को अमरत्व प्रदान होगा। हमारी आने वाली पीढ़ी उस महिला को हमेशा याद करते हुए उस पथ पर चलने का प्रयास करेगी। जो उन्होंने हमारे देश को समाज को दिया है। अगर उनके नाम से नोएडा शूटिंग रेंज का नाम रखा जाएगा तो उसमें अभ्यास करने वाली हर नारी दादी चंद्रो तोमर को अपने में देखने की प्रयास करेगी।"

Related Articles

Comments

Back to Top