मेरठ में बनाया जायेगा यूपी का पहला खेल विश्वविद्यालय
हेडलाइंस May 21, 2020 at 08:15 PM , 663लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बनने वाले खेल विश्वविद्यालय का मसौदा राज्य सरकार ने तैयार कर लिया है जिसे पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ में बनाया जायेगा। राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में विधेयक को मंजूरी देगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इसके लिये मेरठ मे 25 एकड़ जमीन की पहचान भी कर ली गई है।
राज्य सरकार ने पहला खेल विश्वविद्यालय खोलने का फैसला इसी महीने लिया था और इसके लिये विधेयक बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी। पहले इसे राजधानी के गुरू गोविंद सिंह खेल कालेज में बनाने की योजना थी लेकिन बाद में इस विचार को बदल दिया गया और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसी जिले में खोलने का निर्णय लिया गया और काफी सोच विचार के बाद इसके लिये मेरठ का चयन किया गया।
इसके लिये निर्माण एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट भी राज्य सरकार को सौंप दी है। राज्य के खेल विभाग ने मेरठ जिला प्रशासन को उपलब्ध जमीन का पूरा ब्योरा देने का निर्देश दिया है। दूसरी ओर मेरठ जिला प्रशासन ने उपलब्ध जमीन के बारे मे राज्य सरकार को पूरी जानकारी दे दी है। विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण दिया जायेगा ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सके। राज्य सरकार खेल पर काफी ध्यान दे रही है।
खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय खुलने से उभरते हुये खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और वो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने मे सक्षम होंगे।चौहान ने कहा कि विधेयक मे विश्वविद्यालय के संचालन और प्रारूप के बारे मे विस्तार से जानकारी दी जायेगी। खेल विभाग ने देश के अन्य खेल विश्वविधालयों से जानकारी मांगी है कि इसके पाठ्यक्रम में किन किन विषयों को शामिल किया जाये।



























Comments