कोविड-19 प्रबंधन हेतु गठित टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश
जनपत की खबर Jun 21, 2021 at 01:10 PM , 341लखनऊ।
● जनपद महोबा में आज एक भी संक्रमित मरीज नहीं है। अब तक कोरोना संक्रमित हुए सभी मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस उपलब्धि का श्रेय जनपद के जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्करों, निगरानी समितियों, स्थानीय प्रशासन सहित सभी जनपदवासियों को है। सभी को बधाई। संयम और जागरूकता का यह क्रम सतत बना रहे।
● जनपद महोबा की यह उपलब्धि अन्य जनपदों के लिए प्रेरणास्पद है। अगले एक सप्ताह तक अगर जिले में संक्रमण का कोई नया केस नहीं मिलता है, तो जनपद को पुरस्कृत किया जाएगा। जिले में एग्रेसिव टेस्टिंग जारी रखी जाए। टेस्ट में कोई कमी न हो।
● लगातार नियोजित कोशिशों से विगत दिवस 18 जिलों में संक्रमण के नए मामले नहीं मिले, जबकि 52 जिलों में नए केस इकाई में आये हैं। विगत 24 घंटे में प्रदेश में संक्रमण के कुल 213 नए मामले आये हैं। इसी अवधि में 478 मरीज स्वस्थ होकर उपचारित हुए हैं। प्रदेश की कोविड रिकवरी दर 98.5 फीसदी हो गई है, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.1% फीसदी है। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 54 लाख टेस्ट हो चुके हैं। वर्तमान में कुल 4,163 एक्टिव केस हैं, इनमें से 2,542 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में कोरोना से स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 16 लाख 78 हजार हो चुकी है।
● उत्तर प्रदेश में जहां कोविड संक्रमण नियंत्रित हो रहा है वहीं, अनेक राज्यों में कोविड संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रदेशवासियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। रेलवे स्टेशन, बस, वायुमार्ग के प्रदेश में आने वाले लोगों की जाँच कराई जाए। इन स्थानों पर एंटीजन टेस्ट के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। प्रदेश को कोविड से सुरक्षित रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाने के लिए सरकार संकल्पित है। सभी लोग कोविड विहैवियर का पालन करें। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।
● साप्ताहिक बंदी की अवधि में धर्मस्थल खुले रहें। एक समय में 05 श्रद्धालुओं की उपस्थिति हो सकती है। औद्योगिक इकाइयों को भी संचालित रखा जाए। श्रमिकों-कार्मिकों को आवागमन की छूट है। पुलिस बल का व्यवहार संवेदनशील होना चाहिए। कहीं भी अनावश्यक भीड़-भाड़ न हो, यह सुनिश्चित किया जाये
● आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से आज से कोविड टीकाकरण का महाभियान प्रारंभ हो रहा है। 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी प्रदेशवासियों के लिए सभी सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर निःशुल्क वैक्सीनेशन की सुविधा है। प्रदेश में अब तक 02 करोड़ 56 लाख 27 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। आज 7,661 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। इसे और बढ़ाया जाना चाहिए। सभी लोग यथाशीघ्र टीका-कवर प्राप्त करें, इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाए। 01 जुलाई से हर दिन 10 लाख डोज लगाए जाने के लक्ष्य के अनुसार सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।
● बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से घर-घर मेडिकल किट वितरण का विशेष अभियान शुरू हो गया है। 27 जून से दवाएं घर-घर वितरित की जाएंगी। जिलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निगरानी समितियों को दवाइयों का पैकेट दिलाया जाए। लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए सतत मॉनीटरिंग की जाए।
● सभी मेडिकल कॉलेजों में पीडियाट्रिक आईसीयू और नियोनेटल आईसीयू की स्थापना की जा रही है। प्रत्येक मेडिकल कॉलेजों में न्यूनतम 100 बेड बढाने की कार्यवाही हो रही है। जिला अस्पतालों और सीएचसी को भी इसी तर्ज पर सुविधायुक्त किया जा रहा है। पीकू/नीकू स्थापना की यह कार्यवाही इसी माह पूर्ण कर ली जाए।
● कोरोना काल की विषम परिस्थितियों के बावजूद भी इस वर्ष गेहूं खरीद में रिकॉर्ड बना है। अब तक 12 लाख 84 हजार 381 किसानों से 55.97 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद हो चुकी है। 90 फीसदी भुगतान भी किया जा चुका है। जो भी किसान क्रय केंद्रों पर आए हैं, उनके गेहूं की खरीद सुनिश्चित कराई जाए। भुगतान यथाशीघ्र कराया जाए।































Comments