आजम खान की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव, सेहत काफी खराब

जनपत की खबर , 419

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सपा के कद्दवार नेता और रामपुर से सांसद आजम खान की सेहत काफी खराब है। पिछले कुछ दिनों से आजम खान लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। सांसद की पत्नी तंजीम फातिमा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आजम खान कई बीमारियों और जेल में रहने के बाद कमज़ोर हो गए हैं। उनके मुंह में अल्सर हो गया है, जिससे उन्हें खाना खाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फेफड़ों में संक्रमण के चलते भी वे काफी कमज़ोर हो गए हैं। सांसद के समर्थकों के लिए एक अच्छी खबर ये है कि आजम खान की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बता दें कि बीते महीने आजम खान के फेफड़ों में पोस्ट कोविड फाइब्रोसिस, कैविटी और चेस्ट इंफेक्शन पाया गया था। उससे पहले आजम खान और उनके पुत्र अब्दुल्ला की 30 अप्रैल को आरटीपीसीआर जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। 2 मई को प्रशासन ने बेहतर इलाज के लिए आजम खान को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने सीतापुर जेल से बाहर जाने से इनकार कर दिया था। हालांकि, तबीयत बिगड़ने के बाद 9 मई को वो लखनऊ आने के लिए राजी हो गए थे।
गौरतलब है कि, जमीन हथियाने, अतिक्रमण और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में आजम खान अपने बेटे के साथ फरवरी 2020 से ही जिला कारागार सीतापुर में बंद हैं। उनकी पत्नी को दिसंबर 2020 में अदालत ने जमानत दे दी थी।

Related Articles

Comments

Back to Top