भीषण हुआ चक्रवाती तूफान ‘यास’, राहत के लिए वायुसेना, NDRF तैयार

हेडलाइंस , 545

नई दिल्ली। अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के अभी बर्बादी के निशान अभी मिटे भी नहीं है कि अब चक्रवाती तूफान ‘यास’ कोहराम मचाने के लिए तैयार है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब दबाव वाले क्षेत्र में बदल चुका है और बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में 26 मई को पश्चिम बंगाल तथा ओडिशा तटों को पार करेगा. मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान यास के दौरान दोनों राज्यों में हवा 155 से 185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है.
चक्रवाती तूफान ‘यास’ की भयानकता को देखते हुए भारतीय वायुसेना ने पूरी तैयारी कर ली है. भारतीय वायुसेना ने किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए 11 परिवहन विमान और 25 हेलीकॉप्टर तैयार रखे हैं. वहीं पूर्वी रेलवे ने तूफान को देखते हुए आज 24 मई से 29 मई के बीच चलने वाली 25 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. तूफान यास के खतरे को देखते हुए ओडिशा और पश्चिम बंगाल दोनों ही राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था चाकचैबंद की जा रही है. एनडीआरएफ, सेना और तटरक्षक बल को सुरक्षा में तैनात किया गया है.
‘यास’ के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने तटीय जिलों में हाई अलर्ट जारी कर रखा है. आज चक्रवाती तूफान और फिर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की पूरी आशंका है. 26 मई की शाम को उत्तरी ओडिशा और तटीय बंगाल के इलाकों में भू भाग से टकराने की आशंका है. तूफान के असर से ओडिशा, बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में भारी बारिश की संभावना है. ओडिशा सरकार के अनुसार, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की 66 टीमों और 177 दमकल सेवाओं की टीमों को उन क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है जहां चक्रवात से प्रभावित होने की संभावना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने चक्रवात ‘यास’ से निपटने के लिए रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में राज्यों और केंद्र सरकार की तैयारियों की समीक्षा की.

Related Articles

Comments

Back to Top