पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी के विरोध में लखनऊ में BJP का प्रदर्शन, राहुल गांधी-खड़गे से माफी की मांग

अन्य खबरे , 19

**लखनऊ।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की।
 
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित लालजी टंडन की प्रतिमा से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं के हाथों में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीरें थीं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
 
### आनंद द्विवेदी और विजय मौर्य के नेतृत्व में प्रदर्शन
 
भाजपा का यह प्रदर्शन महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और जिला अध्यक्ष विजय मौर्य के नेतृत्व में आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
 
### भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
 
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिस भाषा में बात समझ आएगी, उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा।
 
लखनऊ में हुए इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर की गई कथित टिप्पणी को राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस नेतृत्व को घेरने की कोशिश की।

Related Articles

Comments

Back to Top