मुख्यमंत्री योगी ने प्रवासी श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया
जनपत की खबर May 10, 2020 at 12:05 PM , 590लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में एक सड़क दुर्घटना में प्रदेश के प्रवासी श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से उत्तर प्रदेश लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों से अपील की है कि वे पैदल, ट्रक, बाइक अथवा अन्य साधनों से यात्रा न करें। राज्य सरकार उनकी सम्मानजनक, सुरक्षित और शीघ्र वापसी के प्रबन्ध कर रही है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के मुगवानी थाना क्षेत्र में श्रमिकों को लेकर जा रहे एक ट्रक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट जाने से उसमें सवार पांच मजदूरों की मौत हो गयी, जबकि तेरह घायल हो गए। ट्रक में सवार 20 मजदूरों में नौ उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं जबकि 11 एटा के निवासी है। लॉकडाउन के चलते सभी मजदूर ट्रक में सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे।































Comments