एटा मतगणना में लापरवाही पर अफसरों पर गिरी गाज

हेडलाइंस , 496

लखनऊ/ एटा।

मतगणना में लापरवाही अफसरों पर कार्रवाई, 3 अफसरों को निलंबित करने की DM की संस्तुति, CDO अजय प्रकाश के निलंबन की संस्तुति की, CVO रामहरि के निलंबन की संस्तुति की, CVO अनिल कुमार के भी निलंबन की संस्तुति की, सस्पेंशन की संस्तुति कर शासन को भेजा गया.

उत्तर प्रदेश के एटा जिला पंचायत चुनाव में मतगणना के दौरान हुई धांधली से आक्रोशित भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) विधायकों के जिला अधिकारी कार्यालय के सामने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठने के बाद प्रशासन बैक फुट पर आया और आनन-फानन में वार्ड संख्या 10 से जीत का प्रमाणपत्र पा चुकी सपा की साधना देवी का प्रमाण पत्र निरस्त कर भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह धनगर को दे दिया गया। इसी बीच जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश और डिप्टी सीवीओ डॉ राम हरि और डॉ0 अनिल कुमार के विरुद्ध निलंबन और विभागीय जांच की चुनाव आयोग से संस्तुति की है।

जिला पंचायत चुनाव की मतगणना में धांधली का आरोप लगाते दुबारा मतगणना कराने की मांग को लेकर कल शाम भाजपा के पांच विधायक सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ जिला अधिकारी डॉ0 विभा चहल के कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गये थे। इस धरने का बड़ा असर हुआ और धांधली के तहत वार्ड नंबर 10 से जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त कर चुकी समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी साधना देवी का प्रमाण पत्र कल मध्यरात्रि निरस्त कर भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह धनगर को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया ।  मतगणना में धांधली पर जिला अधिकारी डॉ विभा चहल ने बड़ी कार्यवाही भी की है। जिले के तीन बड़े अधिकारियों के निलंबन एवं विभागीय कार्यवाही के लिये चुनाव आयोग को संस्तुति की गयी है।

वार्ड संख्या 10 के परिणाम में धांधली एवं घोर लापरवाही करने पर विकासखण्ड जलेसर पर तैनात सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सदस्य जिला पंचायत डिप्टी सीवीओ डा राम हरि और जिला पंचायत सदस्य के रिटर्निंग ऑफीसर मुख्य विकास अधिकारी एटा अजय प्रकाश के खिलाफ इनको निलंबित करने एवं विभागीय कार्यवाही करने के लिये राज्य निर्वाचन आयोग को संस्तुति की गई है।इसके अलावा अलीगंज ब्लाक पर तैनात रिटर्निंग ऑफीसर डिप्टी सीवीओ डा अनिल कुमार को  भी  03 मई को रात्रि में जीते हुए प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र वितरित किए बिना एवं मतगणना के परिणाम को आयोग की बेबसाइट पर फीड किए। बिना मतगणना स्थल को छोड़कर चले जाने पर उनके विरूद्ध भी निलंबित करने एवं विभागीय कार्यवाही करने केलिये निर्वाचन आयोग को संस्तुति की गई है।
आपको बता दें कि वार्ड संख्या 10 में पूर्व में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी साधना देवी को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया था । बाद में बीजेपी विधायकों द्वारा जिला अधिकारी कार्यालय के सामने धरना देने पर वार्ड 10 के परिणाम को संशोधित कर बीजेपी प्रत्याशी गजेंद्र धनगर को विजयी घोषित कर रात 12.30 पर जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। इस मुद्दे पर बात करते हुए एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि इस के अतिरिक्त  वार्ड संख्या 16 पर भी धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ आज ही कारवाही करवाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी जिला अधिकारी डॉ0 विभा चहल से बात चल रही है और इस पूरे मामले की जांच करवा कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए कल रात भाजपा के पांच विधायक धर्मवीर प्रजापति,वीरेंद्र लोधी, संजीव दिवाकर और सत्यपाल सिंह राठौर, टूंडला से विधायक प्रेमपाल धनगर के अलावा पार्टी जिला अध्यक्ष संदीप जैन,पूर्व एमएलसी प्रत्येन्द्र पाल ने जिला अधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया था।
जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर 10 से सपा प्रत्याशी साधना देवी को 348 मतों से विजयी घोषित कर प्रमाण पत्र दे दिया गया था । दो दिन बाद कल रात भाजपा विधायकों ने जबकि जिला अधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया तो भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र धनगर को 998 मतों से जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया। इस बीच जिला प्रशासन का कहना है कि टेबुलेशन में भूल होने के कारण ये गड़बड़ी हो गयी थी जिसे सुधारते हुए साधना देवी को पूर्व में दिया गया जीत का प्रमाण पत्र निरस्त कर उसे भाजपा के विजयी प्रत्याशी गजेंद्र धनगर को दिया गया है। इस पूरे मामले में आरओ राम हरि के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।

Related Articles

Comments

Back to Top