*ग्रेटर नोएडा में पत्नियों से परेशान दो सगे भाई पहुंचे कोतवाली, प्रताड़ना से बचाने के लिए पुलिस से लगाई गुहार -*

हेडलाइंस , 451

नोएडा।

गौतमबुद्ध नगर के दनकौर कस्बे में बुधवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां घरेलू हिंसा से पीड़ित दो सगे भाई रोते-बिलखते कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस वालों से मदद मांगी। कहा कि उनकी पत्नियों से उन्हें बचा लें। दोनों भाइयों का कहना है कि उनकी पत्नियां मिलकर उनके साथ घरेलू हिंसा करती हैं। दोनों महिलाएं भाइयों को मारती-पीटती हैं। कई बार उन्हें गंभीर चोट भी आई है। हालांकि दनकौर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच करने का भरोसा देकर दोनों भाइयों को वापस भेज दिया। जैसे ही खबर कस्बे में फैली, लोगों में यह चर्चा का विषय बन गया।


जिले के दनकौर कस्बे में रहने वाले दो सगे भाइयों की 2 वर्ष पहले दो सगी बहनों से शादी हुई थी। भाइयों का कहना है कि विवाह के करीब 3 महीने तक दोनों बहनें अच्छा व्यवहार करती थीं। लेकिन धीरे-धीरें हालात बदलने लगे। दोनों बहनें पतियों से घर का सारा काम करवाने लगीं। परिजनों ने कई बार इस पर आपत्ति जताई, तो दोनों बहनों ने दहेज उत्पीड़न में हवालात भेजवाने की धमकी दी। इससे परिवार के लोग सहम जाते थे। मजबूरी में दोनों भाई घर का सारा काम करने लगे। बुधवार को कोतवाली पहुंचे दोनों भाइयों ने रोते हुए अपनी व्यथा बताई। कहा कि इसके बावजूद उनकी पत्नियों का अत्याचार कम नहीं हुआ। काम करवाने का विरोध करने पर दोनों बहनें मिलकर मारपीट करती हैं। फिर मामले में फंसाने की धमकी देती हैं। 


पीड़ितों का आरोप है कि करीब 20 दिन पहले दोनों भाइयों के पैर पर बहनों ने गर्म पानी डाल दिया। इससे एक भाई का पैर बुरी तरह से झुलस गया। उसने पुलिस को जला हुआ पैर भी दिखाया। पीड़ित भाइयों ने रूंधे गले से कोतवाली में एक दारोगा से पत्नियों से बचाने की गुहार लगाई। दनकौर पुलिस का कहना है कि पीड़ित भाइयों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ की जाएगी। अगर कोई दोषी मिलता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top