वीकेंड लॉकडाउन: सड़कों को तो नोएडा, गौतमबुद्ध नगर पुलिस संभाल लेगी, आप सोमवार सुबह तक घर में रहिए -*
अन्य खबरे Apr 25, 2021 at 11:49 PM , 378नोएडा, गौतमबुद्ध!
- गौतमबुद्ध नगर में 59 घंटों का वीकेंड लाॅकडाउन चल रहा है
- शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन
- बिना जरूरी काम बाहर निकलने वालों पर पुलिस कार्रवाई रही है
- गौतमबुद्ध नगर पुलिस नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर है
- शनिवार की सुबह से अब तक हजारों लोगों का चलान काटा है
- आज पांच लोगों के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज की गई हैं
- लॉकडाउन के बावजूद सड़कों पर चल रहे 100 ऑटो सीज किए
- पुलिस जागरूकता अभियान व इनफोर्समेंट एक्शन चला रही है
- अप्रैल के इन 23 दिनों में 1,20,698 लोगों के चालान किए गए
- विशेषज्ञों ने की बिना वजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील
कोरोना वायरस की चैन तोड़ने के लिए गौतमबुद्ध नगर में 59 घंटों का लाॅकडाउन चल रहा है। शुक्रवार की रात 8 बजे से सोमवार की सुबह 7 बजे तक लाॅकडाउन लागू रहेगा। ऐसे मे बिना किसी जरूरी काम बाहर निकलने वाले लोगों पर पुलिस नकेल कस रही है। वीकेंड लाॅकडाउन का सख्ती से पालन करवाने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर है। लिहाजा, विशेषज्ञों ने अपील की है कि सड़कों को तो गौतमबुद्ध नगर पुलिस संभाल लेगी, आप सोमवार सुबह तक घर में रहिए।
पुलिस पूरे जिले में चेकिंग अभियान चला रही है। बेवजह सड़कों पर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। पुलिस ने शनिवार की सुबह से अब तक हजारों लोगों का चलान काटा है। इसके अलावा अभी तक सैकड़ों ऑटो को सीज किया गया है। ग्रेटर नोएडा के परी चौक, सूरजपुर, कासना, एल्फा कमर्शियल बेल्ट, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी, दनकौर, रबूपुरा, जेवर और जहांगीर पुर में पुलिस सड़कों पर है। नोएडा में फेस-2, सेक्टर-18, सेक्टर-16, सेक्टर-37 और सिटी सेंटर समेत तमाम बाजारों चौराहों पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस बिना किसी आवश्यक कार्य के बाहर निकलने वाले लोगों के चालान काट रही है।
आज मास्क नहीं पहनने वाले 853 लोगों का चालान किया गया है। इनसे 1,08,400 जुर्माना वसूल किया गया है। 5 लोगों के खिलाफ 4 एफआईआर दर्ज की गई हैं। 1012 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनसे 52,600 रूपये जुर्माना वसूल किया गया है। आज 100 ऑटो सीज किए गए हैं, जो लॉकडाउन के बावजूद सड़कों पर चल रहे थे। उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है, जो लोग बेवजह अपने घरों से बाहर घूम रहे थे।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने कहा कि हम जागरूकता अभियान और इनफोर्समेंट एक्शन साथ-साथ चला रहे हैं। जो लोग खराब हालात को समझने के लिए तैयार नहीं हैं उन पर कड़ा एक्शन लिया गया है। कमिश्नर ने आदेश दिया है कि लॉकडाउन के दौरान बेवजह सड़कों पर निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शुक्रवार की रात 8 बजे से लेकर सोमवार की सुबह 7 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। ऐसे में जो व्यक्ति बिना किसी जरूरी काम के अपने घर से बाहर निकलेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस महीने के दौरान पुलिस ने बड़े पैमाने पर लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। अप्रैल के इन 23 दिनों में 1,20,698 लोगों के चालान किए गए हैं। इन लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहने थे। अब तक पुलिस ऐसे लापरवाह लोगों से 1 करोड़, 22 लाख, 71 हजार, 10 रुपये बतौर जुर्माना वसूल कर चुकी है। पूरे जिले में 11,946 लोगों के खिलाफ 3,033 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। अब तक 6,02,693 वाहनों के चालान किए गए हैं और इनसे 4 करोड, 61 लाख, 66 हजार, 690 वसूल किए गए हैं। 5,232 वाहन पुलिस ने सीज भी किए हैं।
पुलिस और प्रशासन ही नहीं विशेषज्ञ भी बार-बार लोगों से मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाकर रखने और बिना वजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील कर रहे हैं। बड़ी बात यह है कि नियमों को तोड़ने वालों में पढ़े-लिखे और नौजवानों की संख्या ज्यादा है।



























Comments