*ग्रेटर नोएडा ड्यूटी से लौट रही महिला का अपहरण करने के प्रयास में कपड़े फटे, ट्वीट के बाद पुलिस ने लिया एक्शन
अन्य खबरे Apr 22, 2021 at 08:05 PM , 366नोयडा।
दनकौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित महिला ने मंगलवार को तीन लोगों पर छेड़छाड़ कर अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ड्यूटी करके घर लौट रही थी। सरेराह आरोपियों द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़िता दनकौर कोतवाली पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस द्वारा महिला की फरियाद नही सुनी गई तो उसके एक परिचित ने ट्वीट के माध्यम से उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। ट्वीट के बाद बुधवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित महिला दनकौर क्षेत्र में स्थित एक बिल्डर साइट पर नौकरी करती है। पीड़ित महिला का कहना है कि मंगलवार शाम ड्यूटी करके जब वह कंपनी से बाहर निकली तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
आरोप है कि जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जबरन उसका अपहरण करने का प्रयास किया। जिसके चलते महिला के कपड़े भी फट गए। पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस दौरान एक आरोपी को पहचान लिया। पीड़िता मंगलवार को ही दनकौर कोतवाली पहुंची और पुलिस से शिकायत की।
आरोप है कि पुलिस द्वारा जांच की बात कहकर महिला और उसके परिजनों को कोतवाली से टरका दिया गया और मुकदमा दर्ज नही किया गया। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट महिला के एक परचित ने ट्वीट के माध्यम से उच्चाधिकारियों से शिकायत की। अधिकारियों के निर्देश के बाद बुधवार को क्षेत्र के रामपुर बांगर गांव निवासी बंटी समेत तीन लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



























Comments