एशियन पैरा गेम्स की स्वर्णिम विजेता सुश्री सिमरन का 27 नवंबर को होगा भव्य सम्मान

जनपत की खबर , 21

पैरा एथलीट सिमरन की उपलब्धि का सम्मान करेगा पंचायती राज विभाग
देश का गौरव बढ़ाने वाली सिमरन का पंचायती राज निदेशालय में होगा अभिनंदन

लखनऊ, 26 नवंबर।

जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली गाजियाबाद की पैरा एथलीट एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित सुश्री सिमरन का 27 नवंबर को पंचायती राज निदेशालय, लखनऊ में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। एशियन पैरा गेम्स-2026 में सुश्री सिमरन ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर देश को गौरवान्वित किया। सुश्री सिमरन उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) के पद पर कार्यरत होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट पैरा एथलीट भी हैं, जिन्होंने प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ खेल जगत में अपनी असाधारण उपलब्धियों से प्रदेश व देश का मान बढ़ाया है।

इस अवसर पर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, प्रमुख सचिव पंचायती राज श्री रविन्द्र एवं निदेशक पंचायती राज श्री धीरेंद्र सिंह सचान द्वारा सुश्री सिमरन का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। समारोह में सुश्री सिमरन के परिवार के अन्य सदस्य शामिल होंगे। 

कार्यक्रम के दौरान सुश्री सिमरन को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही संविधान दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ भी ली जाएगी। समारोह में पंचायती राज विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष गैलरी भी तैयार की जाएगी, जिसमें बैनर, होर्डिंग एवं वीडियो क्लिप के माध्यम से विभागीय योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।

यह आयोजन खेल जगत में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के सम्मान, प्रोत्साहन एवं नई पीढ़ी को प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। प्रशासनिक सेवा और अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धि का यह संगम विभागीय कर्मियों के साथ-साथ युवाओं को भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगा।

Related Articles

Comments

Back to Top