लखनऊ में कल से सजेगा उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026, मंत्री राकेश सचान करेंगे भव्य उद्घाटन

अन्य खबरे , 23

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की खादी, ग्रामोद्योग और पारंपरिक शिल्पकला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ में 27 नवंबर से उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित इस राज्यस्तरीय महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।

महोत्सव में प्रमुख सचिव, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश शासन अनिल कुमार सागर तथा उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

'धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति' होगी थीम

इस वर्ष खादी महोत्सव की थीम 'धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति' रखी गई है। इसके अंतर्गत प्रदेश की पारंपरिक खादी, हस्तशिल्प और ग्रामोद्योग उत्पादों को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा।

10 दिनों तक चलेगी उत्पादों की प्रदर्शनी

27 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खादी एवं ग्रामोद्योग उद्यमियों तथा शिल्पकारों के उत्कृष्ट उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों और पारंपरिक उद्योगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिलेगा।

कारीगरों का बढ़ाया जाएगा उत्साह

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री राकेश सचान खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों का उत्साहवर्धन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य खादी को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना है।

खादी महोत्सव प्रदेश की पारंपरिक विरासत को आधुनिक बाजार से जोड़ने और स्थानीय उद्यमियों को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Related Articles

Comments

Back to Top