सपा का घोषणा पत्र 'ढकोसला पत्र' और झूठ का पुलिंदा: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- सपा को माफी पत्र जारी करना चाहिए

अन्य खबरे , 26

दिल्ली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को 'ढकोसला पत्र' और 'झूठ का पुलिंदा' करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को घोषणा पत्र नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता से माफी मांगने के लिए माफी पत्र जारी करना चाहिए।

ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अपराध और माफियाओं का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि उस समय 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' जैसी स्थिति बन गई थी। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और अपराधियों को सांसद तथा मंत्री बनाया गया था।

सपा शासन में यूपी को कट्टा उद्योग बना दिया था

डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश को कट्टा उद्योग में बदल दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के नेताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का भी अपमान किया था। उनके मुताबिक, सपा के एक नेता ने अखिलेश यादव के सामने बाबा साहेब को भू-माफिया कहा था।

अयोध्या गोलीकांड को लेकर मांगी माफी

ब्रजेश पाठक ने अयोध्या गोलीकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलवाई थी, उन्हें आज जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सपा नेताओं के अयोध्या जाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उनके वे दावे कहां हैं?

आज यूपी में एक भी माफिया नहीं: पाठक

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में एक भी माफिया नहीं है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस-वे प्रदेश बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में प्रदेश विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

ब्रजेश पाठक की यह टिप्पणी समाजवादी पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करने के बाद आई है। इससे प्रदेश में चुनाव से पहले भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top