लखनऊ में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की महारैली, 2027 चुनाव से पहले सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन

जनपत की खबर , 18

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजधानी लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने संयुक्त महारैली के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। संविधान दिवस के अवसर पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में गठबंधन के बाद पहली बार दोनों नेता एक साथ मंच पर नजर आए। 

रैली में एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच पर पहुंचने पर दोनों नेताओं का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। पूरे मैदान में नीले और हरे झंडे दिखाई दिए तथा कार्यकर्ताओं ने जय भीम के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

आयोजकों के अनुसार, 100 से अधिक बसों के जरिए विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं को लखनऊ लाया गया। रैली के माध्यम से दलित और मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी तथा एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई।

दलित का बेटा सीएम, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा

रैली का सबसे चर्चित नारा रहा- 'दलित का बेटा मुख्यमंत्री और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा।' इस नारे के जरिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने सत्ता में भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

दोनों नेताओं ने गठबंधन के मंच से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और राजनीतिक मंशा का संदेश दिया। रैली में भाजपा और समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया गया।

2027 के चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरणों की दस्तक

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की यह संयुक्त रैली महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखी जा रही है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश के बीच दोनों दलों ने अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी का दावा पेश किया है।

अब देखना होगा कि लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान से दिया गया यह राजनीतिक संदेश आगामी चुनाव में किस तरह की भूमिका निभाता है।

Related Articles

Comments

Back to Top