जनता उन्नति पार्टी ने भाजपा को दिया बिना शर्त समर्थन

राष्ट्रीय , 15

**अनिल चौहान बोले—2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय के लिए कदम से कदम मिलाकर करेंगे काम**
 
**लखनऊ, 22 नवंबर।** जनता उन्नति पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 में भारतीय जनता पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौहान ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के समक्ष समर्थन का ऐलान किया।


 
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अनिल चौहान और उनकी टीम का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गरीब और वंचित वर्ग का आर्थिक एवं सामाजिक विकास हो रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्थापित सुरक्षा के वातावरण से प्रभावित होकर जनता उन्नति पार्टी ने भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर काम करेंगे और 2017 से भी बड़ी विजय 2027 में हासिल करने के संकल्प को साकार करेंगे।
 
भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने जनता उन्नति पार्टी के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विकास यात्रा को पार्टी का समर्थन मिलना स्वागतयोग्य है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से काम करेंगे और एनडीए प्रत्याशियों की जीत के साथ विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहभागी बनेंगे।
 
जनता उन्नति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौहान ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने यह निर्णय लिया है और आज वह भाजपा को समर्थन देने के लिए यहां उपस्थित हैं। उन्होंने सम्मान देने के लिए भाजपा परिवार का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी कदम से कदम मिलाकर भाजपा के साथ काम करेगी और उसकी विजय में सहभागी बनेगी।
 
इस मौके पर जनता उन्नति पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. सुधीर शर्मा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्वेता चौहान, भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया सह संयोजक दीपक बघेल और प्रदेश प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया सह संयोजक हिमांशु दुबे ने किया।

Related Articles

Comments

Back to Top